झांसी40 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
झांसी में बाइक पेड़ से टकराने से वसीम और सलमान की मौत हो गई। (फाइल फोटो।)
झांसी में दोस्त की शादी के लिए शॉपिंग कर लौट रहे दो दोस्तों की बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। हादसा मोंठ थाना क्षेत्र के लावन और बसोबई गांव के बीच गुरुवार रात 10:30 बजे हुआ। 3 दिन पहले आंधी चलने से एक पेड़ सड़क किनारे गिर गया था। अंधेरे में उनको पेड़ नजर नहीं आया और वे हादसे के शिकार हो गए। फिलहाल दोनों के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं। दोपहर बाद शव के पोस्टमार्टम होंगे।
मोहल्ले में दोस्त की शादी थी
मृतकों की पहचान मोंठ के अफो का नाला निवासी वसीम (25) पुत्र नईम और सलमान (20) पुत्र इदरीश के रूप में हुई है। दोनों के मोहल्ले के एक दोस्त की गुरुवार रात को शादी थी। इसलिए वे कपड़े खरीदने के लिए वसीम की अपाचे बाइक से समथर गए थे। शॉपिंग कर दोनों वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में रात करीब 10:30 बजे उनकी बाइक लावन और बसोबई गांव के बीच एक पेड़ से टकरा गई।
इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगिरों ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को मोंठ सीएचसी पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
दो मौत के बाद शादी में छाया मातम
एक साथ दो युवकों की सड़क हादसे में मौत होने के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई। साधारण तरीके से शादी संपन्न कराई गई। वसीम और सलमान अविवाहित थे। दोनों से छोटे एक-एक भाई हैं। दोनों के पिता ठेला लगाते हैं।
Source link